आंद्या, इंदिज्स्की, ऐंत्क्सग, खिंदी… क्या हैँ ये सब?

In Culture, Hindi, History, Learning by Arvind KumarLeave a Comment

क्या हैँ ये सब?

आंद्या, इंदिज्स्की, ऐंत्क्सग, खिंदी, चिंदी, चिंद्ज़ी, खिंदी, तिएंग हिन-दी, यिन दी यू, हिंदिह्श्चिना, ह्योनद्विसफ़्…

 

जी हाँ हिंदी!

हिंदू शब्द की ही तरह हिंदी शब्द भारत मेँ नहीं बना. यह ईरान से आया है. यूँ कभी ईरान भी भारतीय सांस्कृतिक क्षेत्र का अभिन्न अंग था. कहने को हिंदी मुख्यतः उत्तर भारत के भारी पापुलेशन वाले राज्योँ मेँ बोली जाती है, कई राज्योँ और पूरे देश की राज्यभाषा है, लेकिन उसे लिखने पढ़ने और बोलने वाले पूरे देश मेँ मिलते हैँ. विदेशों मेँ हिंदी बोलने वाले लोग गायना, सुरिनाम, त्रिनिदाद और टबैगो, फीजी, मारीशस, क़तार, कुवैत, बह्रीन, संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, संयुक्त राज्य अमरीका, ब्रिटेन, रूस, सिंगापुर, दक्षिण अफ़्रीका आदि मेँ पाए जाते हैँ.

 

आज जो हिंदी हम जानते हैँ, वह हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सोँ की भाषा हुआ करती थी, जिसे खड़ी बोली कहते हैँ. संभवतः खड़ी बोली शब्द कौरवी बोली का बदला रूप है यानी वह भाषा जो कुरु (कौरव और पांडव) क्षेत्र मेँ बोली जाती थी. सदियोँ से हिंदी के नाम बदलते रहे हैँ. कुछ नाम रहे हैँ– भाखा, भाषा, रेख़ता, हिंदवी, हिंदी, हिंदुस्तानी. जिसे आज हम उर्दू कहते हैँ वह वास्तव मेँ हिंदी ही है. पिछली दो सदी मेँ अनेक राजनीतिक कारणों से वह अरबी-फ़ारसी मिश्रित शब्दों वाली अलग शैली और फिर अलग भाषा बन गई. खड़ी बोली के अतिरिक्त ब्रजभाषा, भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी आदि हिंदी की अनेक उपभाषाएँ मानी जाती हैँ, जो धीरे धीरे शायद स्वतंत्र आधुनिक भाषाएँ बन जाएँ.

 

दुनिया भर मेँ लोग विदेशी शब्दों का उच्चारण अपनी जीभ के अनुसार करते हैँ, और कई बार उन के लिए अलग नाम भी देते हैँ. कुछ विदेशी भाषाओं मेँ लोग हिंदी को इन नामों से जानते हैँ:

 

अफ़्रीकांस: हिंदी; अम्हारी: आंद्या; अरबी: हिंदीया; आइसलैंडी: हिंदी; आजेरी: हिंद; आयरलैंडी: ह्योनद्विसफ़्; आरमीनियाई: हिंदी; इंदोनेशियाई: हिंदी; उत्तरी सामी: खिंदी; ऐस्तोनियाई: हिंदी; ऐस्पेरांतो: हिंद; औकितान: इंदी; कातलान: हिंदी; कोरियाई: हिंदीइयो; क्रोशियाई: इंदिज्स्की; क्षोसा: इसिहिंदी; ग्रीक (आधुनिक): चिंदी; चीनी: यिन दी यू; चैक: हिंदिस्की; जरमन: हिंदी; जापानी: हिंदीई-गो; जुलू: इसिहिंदी; ज्योर्जियाई: हिंदी; डच: हिंदी; डेनिश: हिंदी; तातारी: खिंदी; तुर्की: हिंत्सी/हिंदू; थाई: फाशा-हिंदू; नार्वेजियाई: हिंदी; पुर्तगाली: हिंदी; पोलैंडी: हिंदी; फ़ारसी: हेंदी; फिनिश: हिंदी; फ़्रांसीसी: हिंदी; बल्गेरियाई: खिंदी; बास्क: हिंदी; बेलोरूसियाई: चिंद्ज़ी; मलय: हिंदी; मालटाई: हिंदी; मोक्सा: हिंदी; मंगोलियाई: ऐंत्क्सग; यूक्रेनियाई: खिंदी; रूसी: खिंदी; रोमानियाई: हिंदुसा; लिथुआनियाई: हिंदी; लैटवियाई: हिंदी; लोहबान: क्षिंदो; वालून: हिंदी; वियतनामी: तिएंग हिन-दी; वैल्श: हिंदी; सोर्बियाई: हिंदिह्श्चिना; स्पेनी: हिंदी; स्लोवीन: हिंदिह्श्चिना; स्वाहिली: किहिंदी; स्वीडिश: हिंदी; हंगेरियाई: हिंदी; हिब्रू: हिंदिथ.

 

आज ही http://arvindkumar.me पर लौग औन और रजिस्टर करेँ

©अरविंद कुमार

Comments